रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत छाल रेंज में विचरण कर रहे 26 हाथियों के एक बड़े समूह की वजह से इलाके के किसानों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाथियों के इस विशाल दल के कारण क्षेत्र के ग्रामीण आये दिन फसल व अन्य नुकसान झेल रहे हैं। इस सिलसिले में 26 हाथियों के इस झुंड ने स्थानीय किसान के फसल को फिर नुकसान पहुंचाया है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बंगरसुता निवासी घनश्याम राठिया कुधरीखार के खेत में लगे धान के फसल को बीती रात 26 हाथियों के दल ने बुरी कदर रौंद डाला। विभाग से मिली जानकारी अनुसार 26 हाथियों का झुंड आर एफ 510 के जंगल से होकर किसान के खेत मे करीब 10 बजे रात को पहुंचा। इस झुंड में 02 नर 17 मादा के साथ 07 सावक हाथियों का होना बताया जा रहा है। हाथियों के बारे में आगे की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि झुंड के छाल रेंज के बोजिया औरानारा के जंगलों की ओर जाने की खबर है। यह जानकारी हाथियों के पद चिंन्हों को देख कर बताया गया। इधर, एक बार फिर हाथियों के धमक ने क्षेत्र के किसानों को चिंतित कर दिया है। जहाँ किसान अपने खेतों में लगे फसलों को हाथियों से सुरक्षा हेतु खेत में रतजगा करने को मजबूर हो गए हैं।